![]() |
| भिलाई के यूनियन बैंक में इलेक्ट्रिक पैनल से करीब 4 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू किया गया |
अजगर नजर आते ही बैंक में मौजूद कर्मचारियों के बीच हलचल शुरू हो गई। मामले की सूचना तुरंत रेस्क्यू टीम को दी गई। अजगर के इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर होने के कारण बैंक का कामकाज भी रोकना पड़ा और जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
इस बीच कर्मचारियों ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड ऑफिस को फोन के जरिए घटना की जानकारी दी। बैंक में अजगर मिलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बिजली बंद करने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू
अजगर इलेक्ट्रिक पैनल के भीतर था, इसलिए रेस्क्यू शुरू करने से पहले बिजली की सप्लाई बंद की गई। सूचना मिलने के बाद इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारी बैंक पहुंचे और उन्होंने सावधानी के साथ अजगर को पैनल से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
काफी प्रयास के बाद करीब 4 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इलेक्ट्रिक पैनल के भीतर रेस्क्यू किए जाने के कारण पूरी प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी रखी गई, जिससे किसी तरह के हादसा न हो।
अजगर जहरीला सांप नहीं होता है, लेकिन उसके बैंक के इलेक्ट्रिक पैनल में मिलने से कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच डर का माहौल बन गया था। रेस्क्यू के बाद बैंक कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद सामान्य हुआ बैंक का कामकाज
अजगर को बाहर निकालने के बाद इलेक्ट्रिक पैनल की जांच की गई। स्थिति सामान्य होने पर बैंक का कामकाज दोबारा शुरू कर दिया गया। घटना के दौरान बैंक पहुंचे कई ग्राहक अपने जरूरी काम के लिए इंतजार करते रहे।
सुरक्षित रेस्क्यू किए गए अजगर को बाद में शिवनाथ नदी से लगे जंगल में छोड़ दिया गया। इसके साथ ही बैंक में अजगर मिलने के बाद बनी स्थिति भी सामान्य हो गई।

